गौचर बचाओ फाउंडेशन ने पब्लिक अवेयरनेस पार्क में किया 21 पौधों का वृक्षारोपण, कार्यकर्ताओं के लिए स्नेह भोज का आयोजन
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, 25 जुलाई पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए गौचर बचाओ फाउंडेशन द्वारा नागौरी गार्डन स्थित पब्लिक अवेयरनेस पार्क में 21 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक गोटू सिंह मंगलपुरा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं।
कार्यक्रम में एडवोकेट मुकेश कुमार शर्मा, एडवोकेट मुकेश कुमार सुथार, एडवोकेट कन्हैया लाल खारोल, एम.एल. कुमावत, कालू लाल रेबारी, लादू लाल लौहार, महावीर पारख, राहुल पाराशर, आदित्य सिंह, पिहू कानावत, चेतन सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी एवं फाउंडेशन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत एडवोकेट बुद्धि प्रकाश डीडवानिया द्वारा सभी कार्यकर्ताओं के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया। फाउंडेशन ने उनके इस सहयोग एवं आत्मीय आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।
गौचर बचाओ फाउंडेशन ने आमजन से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करें तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।