कटनी जिले के 51 जन शिक्षा केंद्रों में शैक्षिक संवाद आयोजित, शिक्षकों ने प्रस्तुत किए टीचिंग लर्निंग मटेरियल
प्रभावी शिक्षण के लिए शिक्षण सामग्री के निर्माण और उपयोग पर हुई चर्चा
कटनी (18 अक्टूबर) – राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में कटनी जिले के सभी 51 जन शिक्षा केंद्रों एवं एईओ मुख्यालयों में शैक्षिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सहजकर्ता शिक्षकों तथा कक्षा एक और दो के शिक्षकों ने सहभागिता करते हुए अपने द्वारा तैयार किए गए शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीचिंग लर्निंग मटेरियल-टीएलएम) का प्रस्तुतीकरण किया। शिक्षकों ने सामग्री के माध्यम से बच्चों को सरल, रोचक और प्रभावी ढंग से पढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के तहत सभी जन शिक्षा केंद्रों में टीएलएम प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसके बाद शैक्षिक संवाद के दौरान शिक्षकों ने अपनी शिक्षण सामग्री का प्रस्तुतीकरण किया और कक्षा शिक्षण में इसके प्रभावी उपयोग पर विचार-विमर्श किया। शिक्षकों से अपेक्षा की गई कि विद्यालय खुलने के साथ ही वे अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री का निर्माण करें और उसका नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक सहज और रुचिकर बनाया जा सके।
जन शिक्षा केंद्र हरदुआ में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के फैकल्टी सदस्यों ने भी सहभागिता की। यहां बच्चों में दिशाओं की समझ विकसित करने के लिए तैयार किए गए टीएलएम पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी और प्रभावी शिक्षण कार्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता देखने को मिली।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, कटनी ने शिक्षकों के इस प्रयास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षण-अधिगम सामग्री के निरंतर निर्माण और प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
11 views | Katni, Madhya Pradesh | Oct 18, 2026