प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने जीवित बेटी का किया 'अंतिम संस्कार', अब वीडियो हुआ वायरल
बिहार के पूर्णिया जिले के केनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चंपै गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपनी पसंद के युवक के साथ शादी रचाने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने जीवित बेटी का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया था। इस घटना के बाद अब सोशल मीडिया पर लड़की का नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल गर्म कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केनगर थाना क्षेत्र के चंपै गांव की रहने वाली एक युवती ने अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर लव मैरिज कर ली थी। बेटी के इस कदम से आहत परिजनों और ग्रामीणों ने सामाजिक विरोध जताते हुए लड़की की जीवित रहते ही अर्थी निकाली और सांकेतिक रूप से अंतिम संस्कार की रस्म निभा दी।
वायरल वीडियो ने मचाई हलचल
परिजन द्वारा अंतिम संस्कार किए जाने के बाद अब सोशल मीडिया पर उक्त युवती का अपने पति के साथ नया वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में युवती खुद के सुरक्षित होने और अपनी मर्जी से विवाह करने की बात कहती हुई नजर आ रही है।
जीवित बेटी के अंतिम संस्कार के बाद अचानक उसका वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में यह मामला कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है।
Hardoi, Hardoi | Sep 18, 2026