#एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत डीएम ने किया वृक्षारोपण, जिले में 6.16 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
#बलिया
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपने कार्यालय में कदम का पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा तथा उपस्थित पत्रकारों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
#जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में इस वर्ष 6 लाख 16 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
#उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम सभी विकास खंडों, तहसीलों तथा ग्राम पंचायतों में संचालित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें। जिलाधिकारी ने लोगों से भी अपील की कि वे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
#Dmballia