ब्रेकिंग न्यूज़
3.66 करोड़ का निर्माणाधीन पुल पहली बारिश में बहा, एक माह बाद भी रास्ता नही।
ग्रामीण व स्कूली बच्चे तैरकर पार कर रहे नाला, 6 से अधिक गांवों का आवागमन ठप्प, नाला पार करते दो लोग घायल।
वायरल वीडियो के बाद भी PWD और प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल.?
चंदला-बंसिया-गौहानी मार्ग पर उमरी नाले में 366.94 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन पुल पहली बारिश में ही तेज बहाव में बह गया। घटना को करीब एक माह बीतने के बाद भी आवागमन बहाल नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को नाला तैरकर पार करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया पुल निर्माण में गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल हैं। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त सरिया और मिट्टी के पिलर खड़े कर पुल का निर्माण किया गया, जिसके कारण पहली बारिश का तेज बहाव निर्माणाधीन पुल को बहा ले गया।
घटना के बाद रातों-रात मलबा हटाए जाने का दावा भी ग्रामीणों ने किया है। ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
दो लोग घायल, 6 से अधिक गांव प्रभावित
पुल बहने के बाद चंदला क्षेत्र के 6 से अधिक गांवों का आवागमन प्रभावित है। ग्रामीणों का कहना है कि नाला पार करने के दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और गिरने से हड्डियों में फ्रैक्चर तक हुआ है। स्कूली बच्चों को भी जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
*PWD और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल*
वीडियो वायरल होने के बावजूद अब तक स्थायी आवागमन की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच, संबंधित एजेंसी और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करने तथा दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत के बाद छतरपुर जिला प्रशासन एवं PWD विभाग इस मामले में जांच और कार्रवाई करेगा?
Chhatarpur Nagar, Chhatarpur | Aug 23, 2026