राजपुर-अंबोया मोड़ के पास महिलाओं से भरी पिकअप पलटी, आधा दर्जन से अधिक घायल
धमौन से बेटी के ससुराल राजपुर गई थीं महिलाएं, लौटते समय हुआ हादसा, फिलहाल सभी सुरक्षित बताएं गए।
देशआदेश
बेटी के घर बच्चे के जन्म की खुशी में कुशलक्षेम पूछने और पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार खाने-पीने का सामान लेकर राजपुर गईं महिलाओं की पिकअप गाड़ी वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गई। हादसा रविवार शाम करीब चार बजे राजपुर-अंबोया मोड़ के पास हुआ, जहां अचानक संतुलन बिगड़ने से पिकअप सड़क पर पलट गई।
समाजसेवी नितिन शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार धमौन गांव की कुछ महिलाएं पिकअप वाहन में सवार होकर अपनी बेटी के ससुराल राजपुर पहुंची थीं। बेटी और नवजात बच्चे का कुशलक्षेम पूछने के बाद जब वे वापस अपने गांव लौट रही थीं तो राजपुर-अंबोया संपत मोड़ के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई। घटना के बाद अफरा तफरी मच गई।
हादसे के दौरान वाहन में सवार आधा दर्जन से अधिक महिलाओं सहित अन्य सवारियों को हल्की चोटें आईं। लेकिन उनमें से बुजुर्ग महिलाओं को ज्यादा चोटे आई।इसमें बच्चे भी सवार थे, भगवान की कृपा रही, सभी सुरक्षित दिखे।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से संपर्क साधा लेकिन, नहीं पहुंची, तब तक नितिन शर्मा तथा उनके साथी गंभीर घायलों को अपनी गाड़ी में पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया।
गनीमत रही कि पिकअप सड़क से अधिक नीचे नहीं गिरी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पूर्व प्रधान अश्वनी सिंगला, टीकाराम, प्रेम सिंह और सुरेश आदि ने बताया कि सभी घायल सुरक्षित हैं।