सर्वोदय मॉडल स्कूल में लगी साइबर की पाठशाला, वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके #kangralive
देहरा। पुलिस जिला देहरा की ओर से साइबर जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिक मंच, उपमंडल देहरा के सहयोग से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 25 से 30 वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम के दौरान एएसपी नवदीप सिंह ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों, डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही पुलिस विभाग की विभिन्न जनहितकारी सेवाओं के बारे में भी बताया।
वहीं, कांस्टेबल शुभम शर्मा ने साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के तरीकों पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। उन्होंने बताया कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी संदेश और लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर के झांसे में आने से बचना चाहिए।
कार्यक्रम में साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाने, आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 ERSS का इस्तेमाल करने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करवाने की प्रक्रिया समझाते हुए डिजिटल लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना रहा।
पुलिस जिला देहरा ने दोहराया कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और जनसेवा के लिए पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।
Kangra, Kangra | Nov 29, 2026