जहानाबाद में विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया सड़क जाम
जहानाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। परसबिगहा थाना क्षेत्र के झुनाठी गांव में 22 वर्षीय विवाहिता शीतल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के पास जमकर हंगामा किया और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। बाद में स्थानीय लोगों के समझाने पर जाम समाप्त कराया गया।
मृतका शीतल कुमारी झारखंड के धनबाद जिले के भूली डीह की रहने वाली थी। उसकी शादी दो वर्ष पहले झुनाठी गांव निवासी लक्ष्मण कुमार से हुई थी। दंपति का एक वर्ष का बेटा भी है।
परिजनों का आरोप है कि दहेज में सोने के आभूषण की मांग को लेकर शीतल को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति के कथित अवैध संबंध का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। मायके पक्ष का दावा है कि शनिवार को हुए विवाद के बाद पति और अन्य ससुराल वालों ने तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन गांव पहुंचे तो ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। मायके पक्ष के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
👉 हत्या या कुछ और? पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी पूरी सच्चाई।
#Jehanabad #BiharNews #BreakingNews #Parsabigha #ShitalKumari #CrimeNews #JahanabadLive #ViralNews #BiharPolice