परीक्षा देकर निकला छात्र सड़क पार कर रहा था, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर; मौत...
ग्वालियर में झांसी-ग्वालियर हाईवे पर ITM यूनिवर्सिटी के सामने दर्दनाक सड़क हादसे में BBA फर्स्ट सेमेस्टर के 20 वर्षीय छात्र अमित राजपूत की मौत हो गई। सोमवार शाम परीक्षा खत्म होने के बाद सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल अमित को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने टक्कर मारने वाले वाहन के डंपर होने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मुरैना निवासी अमित अपने परिवार का इकलौता बेटा था और रोज पढ़ाई के लिए ग्वालियर आता-जाता था। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।