चित्रकूट जनपद के कस्बा पहाड़ी से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य और कथित लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
आखिर कब तक गड्ढों में फंसते रहेंगे वाहन? और कब जागेगा जिम्मेदार विभाग?
दरअसल, कस्बा पहाड़ी के NH-731 मुख्य चौराहे ,नांदी चौराहा सहित कई जगह पर जल जीवन मिशन के तहत की गई खुदाई के बाद सड़क किनारे गहरे गड्ढे छोड़ दिए गए हैं। हालात इतने बदतर हैं कि आए दिन छोटे-बड़े वाहन इन गड्ढों में फंस रहे हैं। आज एक बार फिर एक वाहन गड्ढे में फंस गया, जिसके चलते मुख्य चौराहे पर भीषण जाम लग गया।
सबसे गंभीर बात यह है कि यह चौराहा बेहद व्यस्त रहता है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। वहीं सड़क किनारे छोटे व्यापारी अपनी दुकानें लगाते हैं और राहगीरों की भी आवाजाही बनी रहती है।
ऐसे में अगर कोई भारी ट्रक इन गड्ढों में अनियंत्रित होकर पलट जाता है, तो बड़ा हादसा हो सकता है। कई लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? आखिर खुदाई के बाद सड़क और गड्ढों को दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी किसकी है?
क्या जल जीवन मिशन के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या से अनजान हैं या फिर जानबूझकर आंखें मूंदे बैठे हैं?
अब जरूरत है कि संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर गड्ढों को भरवाए और सड़क को सुरक्षित बनाए, ताकि किसी निर्दोष की जान खतरे में न पड़े।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पहाड़ी कस्बे की जनता को इस जानलेवा समस्या से कब राहत मिलेगी?