चंबा को मिली 10 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसों की सौगात, चिंतपूर्णी के लिए शुरू हुई पहली ई-बस सेवा
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चंबा,
हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को चंबा जिला को 10 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसों की सौगात दी। उन्होंने चंबा में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें पहली इलेक्ट्रिक बस चंबा से माता श्री चिंतपूर्णी के लिए रवाना हुई।
चंबा से चिंतपूर्णी तक चलने वाली यह इलेक्ट्रिक बस बनीखेत, दुनेरा, सदवां, नूरपुर, धमेटा और तलवाड़ा होते हुए माता श्री चिंतपूर्णी पहुंचेगी। चंबा जिला में पहली बार इलेक्ट्रिक बसों का नियमित संचालन शुरू होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बसों को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। प्रदेश के लिए उपयुक्त बस का प्रोटोटाइप तैयार करने में काफी समय लगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन हो रहा है और चालकों को इनके संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण के अनुकूल हैं और संबंधित कंपनी की ओर से इनकी 12 वर्ष तक मेंटिनेंस की जिम्मेदारी रहेगी।
चंबा में पहली बार शुरू हुआ ई-बस संचालन
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चंबा में पहली बार 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चंबा में मिडी बसें भी चलाई जाएंगी। परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एचआरटीसी में जल्द ही चालकों और परिचालकों की भर्ती की जाएगी।
उन्होंने जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी अधिकारियों से जानकारी ली और कहा कि निर्माणाधीन योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है तथा इन्हें निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा।
चंद्रशिला मंदिर में नवाया शीश
इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद उप मुख्यमंत्री ने चंबा के कश्मीरी मोहल्ला स्थित श्री चंद्रशिला मंदिर में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा 27.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है और निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसे आगामी दो माह में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने चंबा में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मल्टी स्टोरी कार पार्किंग भवन का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए।
मंगला में विश्राम गृह का भी किया निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री ने मंगला में जल शक्ति विभाग की ओर से करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन विश्राम गृह का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि यह विश्राम गृह विभागीय आवश्यकताओं के साथ-साथ पर्यटकों और आम लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी, चंबा विधायक नीरज नैयर, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एचआरटीसी निदेशक मंडल सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत सिंह भरमौरी, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव अमित भरमौरी एवं यशवंत खन्ना, जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली, जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।