डीएवी पब्लिक स्कूल, एन.एच.-28, बरौनी में तीन दिवसीय क्षमता वर्धन कार्यशाला का शुभारंभ
बरौनी, 11 जून 2026। क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, बिहार जोन–सी, बेगूसराय द्वारा डीएवी सेंटर फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस के तत्वावधान में डीएवी पब्लिक स्कूल, एन.एच.-28, बरौनी, बेगूसराय में तीन दिवसीय क्षमता वर्धन कार्यशाला का शुभारंभ आज दिनांक 11 जून 2026 को हुआ। यह कार्यशाला 11 जून से 13 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला का उद्घाटन डीएवी पब्लिक स्कूल, एन.एच.-28, बरौनी के प्राचार्य श्री सर्वेश्वर भुजबाला, डीएवी पब्लिक स्कूल, बखरी के प्राचार्य श्री प्रशांत कुमार सिंह तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, शेखपुरा की प्राचार्या एवं क्लस्टर हेड श्रीमती सुधा झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया।
इस कार्यशाला में बिहार जोन–सी के विभिन्न विद्यालयों, जिनमें डीएवी पब्लिक स्कूल लखीसराय, शेखपुरा, जमालपुर, हवेली खड़गपुर, हरख, मुंगेर, इटवा नगर (बेगूसराय), एन.एच.-28 बरौनी सहित कुल नौ विद्यालयों के 182 शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग ले रहे हैं।
कार्यशाला में ईईडीपी-I एवं II, सामाजिक विज्ञान (प्राथमिक, मध्य एवं माध्यमिक), हिंदी (प्राथमिक, मध्य एवं माध्यमिक), संस्कृत (मध्य एवं माध्यमिक) तथा वाणिज्य/अर्थशास्त्र (उच्च माध्यमिक) विषयों पर दिल्ली से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री सर्वेश्वर भुजबाला ने सभी मास्टर ट्रेनरों एवं प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं का स्वागत करते हुए कहा कि डीएवी संस्था प्रत्येक वर्ष दो चरणों में शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन करती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में शिक्षा व्यवस्था के रूपांतरण हेतु प्रशिक्षण को सबसे महत्वपूर्ण आधार माना गया है। इसका उद्देश्य केवल साक्षरता बढ़ाना नहीं, बल्कि कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना तथा शिक्षकों का निरंतर व्यावसायिक विकास सुनिश्चित करना है, जिससे विद्यार्थी 21वीं सदी की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें।
क्लस्टर हेड श्रीमती सुधा झा ने अपने संबोधन में कहा कि जब शिक्षक समुचित रूप से प्रशिक्षित होते हैं, तो वे अपनी भूमिकाओं का निर्वहन अधिक आत्मविश्वास एवं प्रभावशीलता के साथ करते हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया पर पड़ता है।
डीएवी पब्लिक स्कूल, बखरी के प्राचार्य श्री प्रशांत कुमार सिंह ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए शिक्षकों को निरंतर सीखने और स्वयं को अद्यतन रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक श्री नरेंद्र कुमार, श्रीमती प्रीति कुमारी, श्रीमती बबीता कुमारी, विद्यालय के मीडिया प्रभारी श्री हेमंत कुमार मिश्रा, श्री ज्ञान शरण, श्री अंबुज कुमार, श्री बबलू कुमार, श्री दिलीप कुमार सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।