Mau : सरकारी विद्यालयों की बदहाली पर विक्रम जीत सिंह का हल्ला बोल, बकवल कम्पोजिट विद्यालय में मिलीं कई खामियां
मऊ। जनपद के सरकारी विद्यालयों की जमीनी हकीकत सामने लाने के लिए आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में जनहित सरकारी विद्यालय निरीक्षण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत बकवल कम्पोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया गया, जहां शिक्षा व्यवस्था और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई कमियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय में मात्र चार शिक्षक उपलब्ध हैं। शिक्षकों की कमी को लेकर सवाल उठाते हुए विक्रम जीत सिंह ने कहा कि पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में बच्चों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
वहीं विद्यालय का खेल मैदान भी अव्यवस्थित स्थिति में मिला। मैदान में ईंट-पत्थर पड़े हुए थे और जगह-जगह झाड़-झंखाड़ उगा हुआ था। ऐसे में बच्चों के लिए सुरक्षित तरीके से खेलना मुश्किल है।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठे। एक कक्षा में शौचालय जैसी गंदगी और अस्वच्छता की स्थिति पाई गई। इसके अलावा विद्यालय में पानी की टूटी हुई टोंटी तथा जूनियर सेक्शन की क्षतिग्रस्त बाउंड्री भी सामने आई।
विक्रम जीत सिंह ने कहा कि विद्यालय की बाउंड्री की समस्या पहले भी प्रशासन के सामने उठाई जा चुकी है। उनके अनुसार, सीनियर सेक्शन की बाउंड्री को लेकर तत्कालीन जिलाधिकारी को ज्ञापन और आग्रह किया गया था, जिसके बाद वहां बाउंड्री का निर्माण कराया गया। लेकिन जूनियर सेक्शन की बाउंड्री का क्षतिग्रस्त होना विद्यालय की सुरक्षा और रखरखाव पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय बच्चों के भविष्य की नींव हैं। यदि विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक, स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित खेल मैदान, पेयजल और मजबूत बाउंड्री जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं होंगी तो इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर बेहतर बनाना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्यालयों की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी जनहित के इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।
विक्रम जीत सिंह ने बताया कि मऊ जनपद के सरकारी विद्यालयों की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए कई टीमें बनाई जाएंगी। प्रत्येक टीम अलग-अलग क्षेत्रों में विद्यालयों का निरीक्षण करेगी और सामने आने वाली कमियों को तथ्य एवं प्रमाण के साथ संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि “बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकारी विद्यालयों के सुधार तक जनहित का यह संघर्ष जारी रहेगा।”
इस अवसर पर अवधेश मौर्य, अरमान खान, जयचंद, रामचंद्र कुमार, संजय राजभर सहित अन्य साथी मौजूद रहे।
#GenZ #genalpha #SchoolThikKaro #cjp #AAPUP #AamAadmiParty