सुरपुरा में आयोजित जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं
73 आवेदन प्राप्त, 36 आवेदनों का मौके पर निराकरण, 72 लोगों को मिला स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ
10 आयुष्मान कार्ड, 36 आधार कार्ड तथा 100 जाति प्रमाण पत्र बने, 10 लोगों के समग्र में हुआ सुधार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संचालित जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आज विकासखण्ड अटेर के सुरपुरा के शासकीय स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जनसंवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर भिण्ड ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में राजस्व विभाग, लोकसेवा प्रबंधन, बिजली विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य विभाग तथा पीडब्ल्यूडी विभाग से संबंधित कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 36 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। जन-विश्वास शिविर अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 72 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा दवाईयां भी उपलब्ध कराई गईं। साथ ही शिविर के दौरान 10 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए और 20 व्यक्तियों का एक्सरे भी किया गया।
शिविर अंतर्गत 36 लोगों के आधार कार्ड बनाए गए तथा जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने संबंधी 100 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निराकरण कर तत्काल 100 जाति प्रमाण पत्र बनाए गए। साथ ही 10 लोगों की समग्र आईडी में सुधार भी किया गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान एसडीएम अटेर, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
पीएम किसान, फॉर्मर आईडी के संबंध में पटवारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर ने जन-विश्वास शिविर के पश्चात सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण, पीएम किसान सम्मान निधि, फॉर्मर आईडी बनाने तथा अतिक्रमण के मामलों के संबंध में पटवारियों की समीक्षा बैठक ली।
उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा कर संबंधित समस्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पटवारियों को निर्देशित किया कि 15 सितम्बर तक शत्-प्रतिशत फॉर्मर आईडी बनायी जाना सुनिश्चित करें। बॉटम में रहने वाले पटवारियों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रतिदिन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने तहसीलदार को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अतिक्रमण संबंधी मामलों में त्वरित कार्यवाही कर अतिक्रमण हटाया जाना सुनिश्चित करें।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#भिण्ड
#Bhind