ईदगाह मैदान पर फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का भव्य आगाज
युवाओं को दिया नशामुक्त और स्वस्थ जीवन का संदेश
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। स्थानीय ईदगाह मैदान पर आज विधिवत रूप से फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के लगभग 50 उभरते हुए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों को दो टीमों में विभाजित कर एक मैत्रीपूर्ण (फ्रेंडली) फुटबॉल मुकाबला आयोजित किया गया। मैच शुरू होने से पहले पूर्व राज्य स्तरीय खिलाड़ी एवं सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल बाबू खां और पूर्व सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल चिराग खां ने अन्जुमन शरीफिया स्कूल के प्रिंसिपल सैयद सदाक़त अली एवं इमाम मौलाना निसार के साथ मिलकर सभी प्रशिक्षु खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल की बारीकियों से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए निजी जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन भी सिखाते हैं। अतिथियों ने "व्यसन मुक्त जीवन ही स्वस्थ जीवन है" का संदेश देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल के मैदान से जुड़ने और अन्य को भी जोड़ने तथा नित्य शारीरिक अभ्यास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसडीपीआई पार्षद यूसुफ सिलावट, मानवाधिकार कार्यकर्ता शब्बीर आज़ाद, एडवोकेट ताज मोहम्मद, एनआरआई सत्तार खान, अध्यापक रफीक रंगरेज सहित कई वरिष्ठ एवं प्रशिक्षित फुटबॉल खिलाड़ी और कोच उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों और आयोजकों ने इस प्रशिक्षण शिविर को निरंतर जारी रखने और भविष्य में अकादमी की स्थापना का आश्वासन दिया, ताकि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।
Bhilwara, Bhilwara | Nov 15, 2026