राखी के धागे में बंधा मिर्जापुर, 116 वर्षीय दादाजी से लेकर डीएम-डीआईजी तक ने बंधवाया रक्षा सूत्र
ब्रह्माकुमारीज के रक्षाबंधन समारोह में हजारों लोगों को मिला प्रेम, पवित्रता और भाईचारे का संदेश
मिर्जापुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ब्रह्माकुमारीज के प्रभु उपहार भवन, शुक्लहा में आयोजित समारोह प्रेम, आध्यात्मिकता और भाईचारे की अनूठी मिसाल बन गया। ब्रह्माकुमारी बहनों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मंडल की डीआईजी पूनम समेत वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और हजारों लोगों को रक्षा सूत्र बांधकर पर्व का आध्यात्मिक संदेश दिया।
सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि स्वयं को काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, नफरत और अन्य बुराइयों से बचाने का संकल्प लेने का भी अवसर है। रक्षा सूत्र व्यक्ति को श्रेष्ठ संस्कार, पवित्रता और सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।
डीएम और डीआईजी को बांधा रक्षा सूत्र
बीके बिंदु दीदी एवं ब्रह्माकुमारी बहनों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार को रक्षा सूत्र बांधा। डीएम ने बहनों के प्रति स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया और ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उनका परिवार भी मौजूद रहा।
मंडल की डीआईजी पूनम को भी रक्षा सूत्र बांधकर स्नेह मिलन किया गया। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज केंद्र आने की इच्छा व्यक्त की। वहीं अपर आयुक्त प्रशासन राज कुमार द्विवेदी, राज्य मंत्री सोहनलाल श्रीमाली, विधायक रत्नाकर मिश्र एवं रमाशंकर पटेल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी रक्षा सूत्र बांधा गया।
116 वर्षीय दादाजी बने समारोह का भावुक पल
कार्यक्रम में सबसे खास और प्रेरणादायक दृश्य उस समय सामने आया, जब 116 वर्षीय दादाजी माता गुलाम उपाध्याय विशेष रूप से ब्रह्माकुमारीज केंद्र पहुंचे और बीके बिंदु दीदी से रक्षा सूत्र बंधवाया। उनके मन में ब्रह्माकुमारी बहनों से राखी बंधवाने की विशेष इच्छा थी। उम्र के इस पड़ाव पर उनका उत्साह और आध्यात्मिक जुड़ाव कार्यक्रम में मौजूद लोगों के लिए प्रेरणा बन गया।
रक्तवीरों को भी बांधा रक्षा सूत्र
ब्रह्माकुमारीज द्वारा मिर्जापुर में लगातार एक सप्ताह से रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पांच दिवसीय विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान में योगदान देने वाले रक्तवीरों एवं रक्तवीरांगनाओं को भी रक्षा सूत्र बांधकर उनके निस्वार्थ सेवा भाव का सम्मान किया गया।
केंद्र पर पहुंचे हजारों लोगों को रक्षा सूत्र बांधते हुए ब्रह्माकुमारीज ने समाज में पवित्रता, सद्भावना, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
बीके बिंदु दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन समाज के हर वर्ग को प्रेम और अपनत्व के सूत्र में जोड़ने का पर्व है। ब्रह्माकुमारीज का उद्देश्य है कि समाज से बुराइयां दूर हों, लोगों में सद्भावना और पवित्रता जागृत हो तथा सभी मिलकर श्रेष्ठ समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ें।
#TodayMirzapur #रक्षाबंधन #BrahmaKumaris #Mirzapur #पवनकुमारगंगवार #DIGPoonam #रक्षा_सूत्र #116वर्षीयदादाजी #भाईचारा #विश्वबंधुत्व
Mirzapur, Mirzapur | Aug 28, 2026