छह वर्षों तक रक्सौल अनुमंडलीय अस्पताल में सेवा देने वाले 10 स्टाफ नर्सों को भावभीनी विदाई, गृह जिले में हुआ स्थानांतरण
अनुमंडलीय अस्पताल रक्सौल में लगभग छह वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले 10 स्टाफ नर्स ग्रेड-ए का शुक्रवार को भावुक माहौल में विदाई समारोह आयोजित किया गया। बिहार सरकार के स्थानांतरण आदेश के तहत इन सभी स्वास्थ्यकर्मियों का तबादला उनके गृह जिलों में कर दिया गया है।
स्थानांतरित होने वाले स्वास्थ्यकर्मियों में अभय कुमार, अरशद आलम, अमरजीत वर्मा, मंटूस कुमार, हरिनंदन शर्मा, रूबी कुमारी, अर्चना कुमारी, वीणा कुमारी, गायत्री कुमारी एवं दरक्क्ष फारूकी शामिल हैं।
इस अवसर पर अस्पताल की उपाधीक्षक महोदया ने नम आंखों से सभी कर्मियों को विदाई दी। लगभग छह वर्षों तक अस्पताल में इनके द्वारा दी गई सेवाओं, मरीजों के प्रति समर्पण और सहयोग को याद किया गया। विदाई समारोह में अस्पताल के पदाधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
सभी ने स्थानांतरित कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और नई कार्यस्थली पर सफल सेवाकाल की कामना की। लंबे समय तक एक साथ काम करने के बाद सहकर्मियों से बिछड़ने का पल काफी भावुक रहा।
छह वर्षों की सेवा, अनगिनत यादें और सहकर्मियों का स्नेह लेकर सभी दस स्वास्थ्यकर्मी अपने गृह जिले में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रवाना होंगे।