उरई में आईएएस रिंकू सिंह राही के समर्थन में प्रदर्शन, दोबारा एसडीएम बनाए जाने की उठी मांग
उरई (जालौन)। शनिवार को उरई में सैकड़ों छात्र, युवा और ग्रामीण आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही के समर्थन में सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने जालौन चौराहे से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर उन्हें पुनः जालौन तहसील में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के पद पर तैनात किए जाने की मांग की और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पोस्टर-बैनर लेकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि रिंकू सिंह राही ने अपने कार्यकाल में निष्पक्ष, पारदर्शी और जनहित में कार्य करते हुए लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया, जिससे उन्होंने जनता का विश्वास हासिल किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चर्चित 'थप्पड़ प्रकरण' के बाद उनका स्थानांतरण किए जाने से क्षेत्र के लोगों में निराशा है। उनका कहना है कि ईमानदार अधिकारियों का इस तरह तबादला होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
रैली में शामिल छात्रों, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए रिंकू सिंह राही की पुनः जालौन तहसील में तैनाती की मांग की।
Orai, Jalaun | Jul 11, 2026