मिशन सेफ फ्यूचर: नियमों की अनदेखी पर 2 स्कूली वाहन सीज, कई वाहनों के चालान
उरई (जालौन)। जनपद में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा "मिशन सेफ फ्यूचर" अभियान के तहत स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान परिवहन नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार एवं यात्री/मालकर अधिकारी आनन्द राय कुरील ने विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की जांच की। जांच के दौरान कालपी क्षेत्र में दो स्कूली वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उन्हें कब्जे में लेकर उनमें सवार बच्चों को सुरक्षित रूप से चौरा के निकट उनके विद्यालय पहुंचाया गया। इसके बाद दोनों वाहनों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कोतवाली में निरुद्ध कर दिया गया। इसके अलावा अन्य कई स्कूली वाहनों के चालान भी किए गए।
एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने बताया कि "मिशन सेफ फ्यूचर" अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बच्चों की सुरक्षा परिवहन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधन और वाहन स्वामियों को निर्देश दिए कि वे सर्वोच्च न्यायालय एवं परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों, जैसे जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, आपातकालीन द्वार, फिटनेस प्रमाणपत्र, वैध परमिट और प्रशिक्षित चालक की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने सभी अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले वाहन की सुरक्षा व्यवस्था और उसके वैध दस्तावेजों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि बच्चों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रह सके।
Orai, Jalaun | Jul 11, 2026