*अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी पर अंकुश, जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण व आगामी धुंध के मौसम को लेकर एसपी हिसार ने ली मासिक समीक्षा बैठक*
*सभी थाना प्रभारियों, राजपत्रित अधिकारियों, चौकी प्रभारियों व विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश;*
*लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे, पुलिसिंग में जवाबदेही और धुंध के मौसम में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने पर दिया जोर : एसपी सिद्धान्त जैन*
हिसार, 23 नवंबर। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस की अध्यक्षता में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा विभिन्न शाखाओं एवं विशेष टीमों के प्रभारियों के साथ मासिक उपलब्धियों एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नशा उन्मूलन, साइबर अपराध, लंबित मामलों की जांच, जन शिकायतों के निस्तारण तथा पुलिस की विभिन्न शाखाओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही आगामी धुंध के मौसम को देखते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था एवं पुलिस की सुरक्षा तैयारियों को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारियों (GOs), थाना प्रभारियों (SHOs), चौकी प्रभारियों (I/C PPs) के अलावा PIT NDPS एक्ट, नशा मुक्ति टीम, साइबर सेल, शिकायत शाखा, सीन ऑफ क्राइम टीम, DCRB, SIS, MTO, TASI, रीडर, OASI, MM, VRK तथा XEN HPHC हिसार सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
*नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जारी रखें सख्त कार्रवाई*
एसपी हिसार ने निर्देश दिए कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाए। नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। नशा तस्करों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करने के प्रयास भी लगातार जारी रखें। नशा तस्करी के मामलों में केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित न रहते हुए तस्करी के नेटवर्क तथा सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।
*साइबर अपराध और जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता*
साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत दिलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत करवाया जाए।
*लंबित मामलों की जांच में तेजी और रिकॉर्ड प्रबंधन दुरुस्त रखने के निर्देश*
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित आपराधिक मामलों की जांच में तेजी लाने, साक्ष्यों का प्रभावी संकलन करने तथा मामलों का नियमानुसार शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मालखाना, DCRB तथा अन्य संबंधित शाखाओं के रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने और सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी व्यवस्थाओं में बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
*आगामी धुंध के मौसम को देखते हुए सड़क सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश*
आगामी दिनों में धुंध की संभावना को देखते हुए एसपी हिसार ने सभी थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
- हाईवे, मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों तथा ग्रामीण संपर्क मार्गों पर पुलिस की गश्त एवं निगरानी बढ़ाई जाए।
- धुंध के दौरान कम दृश्यता वाले क्षेत्रों में यातायात पुलिस व पुलिस कर्मचारियों की उचित तैनाती सुनिश्चित की जाए।
- वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने तथा अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने के लिए जागरूक किया जाए।
- ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, ट्राला, बस व अन्य भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप तथा उचित लाइटों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
- बिना लाइट, गलत दिशा में वाहन चलाने, सड़क पर खड़े अव्यवस्थित वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
- रात्रि के समय गश्त बढ़ाई जाए तथा सड़क किनारे खड़े वाहनों, सुनसान क्षेत्रों व दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
- सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक सहायता एवं अस्पताल पहुंचाने में मदद करें।
एसपी ने स्पष्ट किया कि धुंध के मौसम में वाहन चालकों की थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए पुलिस कर्मचारियों को स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ आमजन को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना होगा।
*थानों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें पुलिसकर्मी*
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि पुलिस का व्यवहार आमजन के प्रति शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। थानों एवं चौकियों में अपनी शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनें और नियमानुसार उचित कार्रवाई करें। इसके साथ ही फील्ड में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
*बेहतर कार्य करने वाली टीमों की सराहना, लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश*
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं टीमों के प्रयासों की सराहना की तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आगामी माह के निर्धारित लक्ष्यों को पूरी निष्ठा, जवाबदेही एवं तत्परता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, जन शिकायतों का समाधान, यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और आमजन की सुरक्षा हिसार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Hisar, Hissar | Nov 23, 2026