कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियां तेज, डीएम ने 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के दिए निर्देश
कांवड़ मार्ग पर हर 7-8 किमी पर मिलेगी सुविधा, डीएम ने अधिकारियों को सौंपीं जिम्मेदारियां
शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा पर फोकस, कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक
कांवड़ यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, चिकित्सा शिविर और सीसीटीवी की होगी व्यवस्था
ढीले बिजली तारों से लेकर खाद्य सुरक्षा तक, कांवड़ यात्रा तैयारियों पर डीएम सख्त
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 25 जुलाई तक यात्रा मार्ग से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बिजली विभाग को ढीले विद्युत तारों को दुरुस्त करने, खुले ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बिजली के पोलों पर पॉलिथीन लगाने के निर्देश दिए। वहीं अल्लागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा और जरियनपुर में कांवड़ यात्रा शिविर स्थापित कर श्रद्धालुओं के लिए बैठने, विश्राम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और भजन-कीर्तन की व्यवस्था करने को कहा।
डीएम ने यात्रा मार्ग पर व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाने, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा विश्राम स्थलों पर तुलसी के पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक 7 से 8 किलोमीटर पर रैनबसेरा, शौचालय, स्नानघर और चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने के साथ आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा शिविर तथा प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर संचालित दुकानों का नियमित निरीक्षण करने, दुकानदारों के लिए पहचान पत्र और नाम प्रदर्शित करना अनिवार्य कराने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को सड़क किनारे पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक शहरी देवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
DM Shahjahanpur