ग्रेटर नोएडा इंजीनियर्स डे पर एक्यूरेट ग्रुप में दिखी AI की ताकत, छात्रों ने पेश किए स्मार्ट सिटी के मॉडल
एक्यूरेट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, ग्रेटर नोएडा में इंजीनियर्स डे के अवसर पर AI, रिसर्च एवं इनोवेशन पर आधारित विशेष वर्कशॉप और प्रेजेंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा Artificial Intelligence (AI) आधारित स्मार्ट सिटी के मॉडल और अभिनव विचारों का प्रस्तुतिकरण रहा। छात्रों ने AI के जरिए भविष्य के शहरों को स्मार्ट, सुरक्षित, स्वच्छ, टिकाऊ और नागरिक सुविधाओं से बेहतर बनाने के लिए अपने आइडिया प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, सिक्योरिटी, ऊर्जा प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युतीकरण और डेटा आधारित शहरी सेवाओं जैसे विषयों पर अपने प्रोजेक्ट और मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में निदेशक डॉ. सुनील मिश्रा ने इंजीनियरिंग, रिसर्च और इनोवेशन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में तकनीक के प्रभावी उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के योगदान को याद करते हुए कहा कि इंजीनियर केवल तकनीकी विशेषज्ञ नहीं, बल्कि देश के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं।
डीन इंजीनियरिंग डॉ. अभिषेक सक्सेना ने AI के बढ़ते महत्व पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों से इसे केवल करियर स्किल के रूप में नहीं, बल्कि रिसर्च और वास्तविक समस्याओं के समाधान का माध्यम बनाने का आह्वान किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. एस.एल. राजपूत और कंप्यूटर साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभागाध्यक्ष डॉ. नितिन त्यागी ने भी विद्यार्थियों को नई तकनीकों के साथ रिसर्च और इनोवेशन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एक्यूरेट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की चेयरपर्सन सुश्री पूनम शर्मा ने सभी इंजीनियरों और इंजीनियरिंग विद्यार्थियों को इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज के युवा इंजीनियर ही आने वाले भारत के विकास और तकनीकी प्रगति के प्रमुख निर्माता हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रोजेक्ट और प्रस्तुतियों को प्रोत्साहित करते हुए विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रोफेसर ज़ैदी, प्रोफेसर तरुण सहित अन्य प्रोफेसर एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।
भारत में स्मार्ट सिटी के निर्माण और आधुनिक शहरी विकास की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। ऐसे में एक्यूरेट के भावी इंजीनियरों का AI और नई तकनीकों के जरिए स्मार्ट सिटी के समाधान प्रस्तुत करना भविष्य की संभावनाओं को दर्शाता है।
#EngineersDay #AccurateGroup #GreaterNoida #ArtificialIntelligence #SmartCity