➡️ IFMIS प्रशिक्षण स्थगित, अब 12 एवं 13 नवंबर को ई-दक्ष केंद्र सागर में होगा आयोजन
सागर 05 नवंबर 2026
जिले के समस्त आहरण संवितरण अधिकारियों के लिए 5 एवं 6 नवंबर 2026 को ई-दक्ष केंद्र सागर में आयोजित होने वाला IFMIS प्रशिक्षण स्थगित कर दिया गया है।
वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने बताया कि ई-दक्ष कार्यालय में कुछ आवश्यक कार्य आ जाने के कारण प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थगित किया गया है। अब उक्त प्रशिक्षण 12 एवं 13 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। सभी संबंधित आहरण संवितरण अधिकारियों को निर्धारित तिथि पर ई-दक्ष केंद्र सागर में उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्रमांक 41/3241/2026
पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित
50 सीटों पर होगा चयन, अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल के माध्यम से कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
सागर 05 नवंबर 2026
पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण मध्यप्रदेश द्वारा पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पात्र अभ्यर्थियों के चयन के लिए विज्ञप्ति जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल [https://mpom.mp.gov.in] के माध्यम से विज्ञप्ति प्रकाशन की तिथि से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना की पात्रता एवं अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी भी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से एक माह तक प्राप्त आवेदनों को फ्रीज कर प्रथम चरण में चयन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। एक माह की अवधि समाप्त होने पर पोर्टल एक दिन के लिए अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा। इसके बाद द्वितीय चरण की आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। प्रथम चरण की चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सीटें रिक्त रहने की स्थिति में ही द्वितीय चरण के आवेदनों पर विचार किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष के अंत तक निर्धारित सीटों पर शत-प्रतिशत चयन के लिए एक-एक माह की अवधि में विभिन्न चरणों में चयन प्रक्रिया संचालित की जाएगी। विज्ञापित वर्ष के लिए निर्धारित 50 सीटों पर चयन के पश्चात 10 प्रतिशत सीटों की प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद संबंधित वर्ष की चयन प्रक्रिया समाप्त मानी जाएगी। आवेदन अथवा अन्य दस्तावेजों से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा, कठिनाई या तकनीकी समस्या होने पर अभ्यर्थी विभागीय हेल्पलाइन नंबर 0755-2553329, 0755-2675521, ई-मेल आईडी nodalofficerobc@mp.gov.in अथवा विभागीय जिला कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
क्रमांक 42/3242/2026
संभाग स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में सागर की टीमें विजेता
महिला वर्ग में गोलकीपर जिया गौड़ ने 12वीं पेनल्टी पर दागा निर्णायक गोल, पुरुष वर्ग में कप्तान शबन वाल्मीकि ने लगाई शानदार हैट्रिक
संघर्ष ही जीवन है, आत्मविश्वास कभी न खोएं, हार-जीत खेल का हिस्सा – डॉ. रामकुमार गोस्वामी
खेल के साथ पढ़ाई में संतुलन तथा जीवन में अनुशासन है उज्ज्वल भविष्य की कुंजी — प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता
सागर 05 नवंबर 2026
शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर के खेल परिसर में आयोजित संभाग स्तरीय महिला एवं पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में सागर की टीमों ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उच्च शिक्षा विभाग सागर संभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. रामकुमार गोस्वामी मुख्य अतिथि तथा महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी, वरिष्ठ प्राध्यापक एवं रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय के डीन डॉ. विनय कुमार शर्मा, खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. सत्यनारायण लड़िया तथा फुटबॉल विशेषज्ञ एरिक कुजूर उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. रामकुमार गोस्वामी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई और जो खिलाड़ी जीत से दूर रह गए, उन्हें अपनी कमियों का आकलन कर खेल में सुधार करने का अवसर मिला है। आत्मविश्वास बनाए रखने से खिलाड़ी भविष्य की चुनौतियों का भी दृढ़ता से सामना कर सकते हैं। हार-जीत खेल का हिस्सा है, संघर्ष ही जीवन है और अंततः हमें कामयाब होना है।
प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों से जूझने का साहस विकसित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल के साथ पढ़ाई में भी संतुलन बनाए रखने तथा अनुशासित जीवन अपनाने की सलाह दी।
प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी ने कहा कि अनुशासन और आपसी तालमेल ही टीम की जीत का आधार हैं। डॉ. विनय कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा और महाविद्यालय का नाम रोशन करने की भावना विकसित करती हैं। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला सागर और दमोह की टीमों के बीच हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला 0-0 से बराबर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में 12वीं पेनल्टी पर सागर की गोलकीपर जिया गौड़ ने निर्णायक गोल कर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई।
पुरुष वर्ग के फाइनल में सागर और दमोह की टीमें आमने-सामने थीं। मुकाबले में सागर के कप्तान शबन वाल्मीकि ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागकर हैट्रिक बनाई। उनके शानदार प्रदर्शन और टीम के सामूहिक प्रयासों से सागर ने दमोह को पराजित कर पुरुष वर्ग की चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।
क्रीड़ा अधिकारी डॉ. दयाराम राजपूत के प्रयासों से महिला खिलाड़ियों को फुटबॉल जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय खेल अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर के मुख्य आतिथ्य तथा शासकीय स्वशासी कन्या महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मोनिका हार्डीकर की विशिष्ट उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता ने की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय व्यास ने किया तथा आभार क्रीड़ा अधिकारी डॉ. दयाराम राजपूत ने माना। आयोजन में निर्णायक मंडल के सदस्य शिरिल, गर्व एवं एम.एल. यादव सहित रेनू सोलंकी, डॉ. संदीप सबलोक, डॉ. अभिषेक गोयल, डॉ. जितेंद्र राजपूत, प्रज्ञा दुबे, शैलेंद्र राजपूत, आयुष बड़कुल, देव कृष्णा नामदेव, प्रमोद सेन, जीतू चौरसिया, भगवत प्रसाद, देवेंद्र, आकाश एवं महाविद्यालय परिवार का सहयोग रहा।
#jansamparkMP #sagar