जिलाधिकारी, पटना के निदेश पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, पटना के नेतृत्व में अग्निशमन की टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सम्पूर्ण जिला में नियमित तौर पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों को इसके प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि उनके स्तर से इसकी नियमित समीक्षा भी की जाती है। आज भी अपर जिला दंडाधिकारी, आपदा प्रबंधन, जिला अग्निशमन पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ इसकी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। 6 (छः) होटल एवं अन्य संस्थानों/प्रतिष्ठानों को सील करने का आदेश जिला प्रशासन, पटना के प्रस्ताव पर राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, बिहार सरकार द्वारा दिया गया है। ये संस्थान हैंः- होटल कुणाल इंटरनेशनल, जमाल रोड; होटल विवेक, कृष्णा मार्केट, एक्जीबिशन रोड; होटल मुद्रिका जमाल रोड; माँ भगवती कॉमर्सियल कॉम्प्लेक्स, बोरिंग रोड चौराहा; होटल बॉब्स, जमाल रोड तथा होटल अप्सरा, सालिमपुर आहरा। जिलाधिकारी ने कहा कि इन प्रतिष्ठानों का अग्नि अंकेक्षण उपरांत अग्नि निवारण एवं अग्नि सुरक्षा उपायों में पायी गई कमी को दूर करने हेतु नोटिस दिया गया था परन्तु संबंधित संस्थानों द्वारा अभी तक इसका अनुपालन नहीं किया गया है। अतः अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर को जनहित में इन 6 (छः) होटल एवं अन्य संस्थानों/प्रतिष्ठानों को खाली कराकर सील करने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला अग्निशमन पदाधिकारी के नेतृत्व में होटल/हॉस्पिटल भवनों के अग्नि अंकेक्षण के बाद अग्नि निवारण एवं अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्था में पायी गई अनियमितता को दूर करने हेतु निर्गत नोटिस के वाबजूद अनुपालन नहीं किए जाने पर 6 (छः) अन्य अस्पतालों/संस्थानों/प्रतिष्ठानों को सील करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। अनुमोदन प्राप्त होते ही इन 6 (छः) अन्य अस्पतालों/संस्थानों/प्रतिष्ठानों को जिला प्रशासन द्वारा सील किया जाएगा। ये छः अस्पताल/संस्थान/प्रतिष्ठान हैंः- 1. एडवांस पटना सेन्ट्रल हॉस्पिटल, न्यू बाईपास रोड, शिवम कॉन्वेंट स्कूल के पास, चांगर, कंकड़बाग; 2. पिनैकल हॉस्पिटल, श्याम शांति एस्टेट, पाटलिपुत्र पथ, राजेन्द्र नगर; 3. आरोय वरदान हॉस्पिटल, पाटलिपुत्र पथ, हैण्डलूम भवन के नजदीक, राजेन्द्र नगर; 4. श्यामा ट्रस्ट हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेन्टर, रामकृष्णा नगर; 5. एपेक्स हॉस्पिटल, चांगर इस्ट अशोक नगर, न्यू बाईपास रोड, कंकड़बाग एवं 6. एनसीडीसी, पटना, अगमकुआँ, पटना सिटी । जिलाधिकारी ने कहा कि इन अस्पतालों/संस्थानों को अग्नि निवारण एवं सुरक्षा व्यवस्था में पायी गई त्रुटि को दूर करने के लिए नोटिस हस्तगत कराया गया था परन्तु अभी तक अनुपालन नहीं किया गया है। फलस्वरूप जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु इन छः संस्थानों को भी सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
आज की बैठक में जिला अग्निशमन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि विगत चार दिनों में 470 से अधिक भवनों/संस्थानों/प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया गया है तथा यह लगातार जारी है। अस्पतालों, होटल, अपार्टमेंट, सिनेमा घरों, मॉल, बैंकों इत्यादि संस्थानों में लगातार मॉकड्रिल भी किया जा रहा है। लोगों के बीच नियमित तौर पर उन्मुखीकरण कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा है।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी द्वारा जिलाधिकारी के संज्ञान में यह भी लाया गया कि 72 अन्य होटल एवं अस्पतालों को अग्नि अंकेक्षण के बाद अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु कमियों को दूर करने के लिए नोटिस दिया गया था। अनुपालन नहीं किए जाने के बाद स्पष्टीकरण भी की गई थी। इन 72 होटल एवं अस्पतालों को अनुपालन हेतु अंतिम नोटिस दिया गया है। अगर 10 दिनों के अंदर अनुपालन नहीं किया गया तो जनहित में सील करने की विधिवत कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जिला अग्निशमन पदाधिकारी को होटलों, अस्पतालों सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों की नियमित तौर पर फायर ऑडिट करने का निदेश दिया । साथ ही विभिन्न संस्थानों में समय-समय पर मॉकड्रिल करने तथा लोगों के बीच संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित कर अग्नि सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सभी होटलों, अस्पतालों सहित सभी संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों के संचालकों/ प्रबंधकों को निदेश दिया गया है कि सरकार द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु हर कार्रवाई करें। उन्होंने आम जनता से भी इस संबंध में ”क्या करें, क्या न करें” का अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। ज़िलाधिकारी ने कहा कि आकस्मिकता की स्थिति में डायल-112/101, जिला अग्नि नियंत्रण कक्ष (7485805821), जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र (0612-2210118) या 24*7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/ 2219234) पर सूचना दी जा सकती है।
#Fire
#FireSafety
#SafetyFirst
#SafetyTips
Samrat Choudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Ministry of Information & Broadcasting, Government of India
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Bsdma
PIB in Bihar
1 views | Patna, Bihar | Jun 8, 2026