सेव लाइफ मिशन और लायंस क्लब ने रिज मैदान पर लगाया रक्तदान शिविर, 50 से 51 यूनिट रक्त एकत्रित करने का रखा लक्ष्य
1982 से रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्था, सामाजिक संगठनों के सहयोग से ब्लड बैंकों में रक्त की कमी हुई दूर : पुनीत सूद
शिमला। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सेव लाइफ मिशन और लायंस क्लब शिमला के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध करवाने का संदेश दिया गया। इस दौरान आईजीएमसी ब्लड बैंक से डॉक्टरों की टीम भी विशेष रूप से मौजूद रही। आयोजकों ने शिविर में 50 से 51 यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
सेव लाइफ मिशन के संस्थापक पुनीत सूद ने बताया कि संस्था वर्ष 1982 से रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इस लंबे सफर में रोटरी क्लब और लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि इन सभी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से रक्तदान अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सफलता मिली है।
पुनीत सूद ने कहा कि वर्ष 2006 से पहले तक समाचार पत्रों में अक्सर ब्लड बैंकों में रक्त की कमी की खबरें प्रकाशित होती थीं। उस समय जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध करवाना एक बड़ी चुनौती हुआ करता था, लेकिन विभिन्न सामाजिक संगठनों और रक्तदाताओं की सक्रिय भागीदारी से परिस्थितियों में काफी सुधार आया है। आज ब्लड बैंकों में सामान्य तौर पर रक्त की उपलब्धता बनी रहती है और मरीजों को जरूरत के अनुसार रक्त मिल जाता है।
उन्होंने बताया कि कभी-कभी किसी विशेष ब्लड ग्रुप की कमी होने पर परेशानी जरूर आती है, लेकिन सामान्य परिस्थितियों में मरीजों को रक्त उपलब्ध करवाना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। यदि किसी मरीज को छह यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है, तो परिजनों को केवल दो यूनिट की व्यवस्था करनी पड़ती है, जबकि शेष चार यूनिट ब्लड बैंक के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों और नियमित रक्तदाताओं के वर्षों के प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें, क्योंकि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है।