आगामी त्योहारों के मद्देनजर विधि-व्यवस्था एवं मद्य निषेध को लेकर डीएम ने दिए निर्देश।
जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आज दिनांक 21 सितम्बर 2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, मद्य निषेध, अवैध खनन, भूमि विवाद, बाल श्रम उन्मूलन एवं किशोर श्रम निषेध सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की बिंदुवार एवं विस्तृत समीक्षा की गई।
मद्य निषेध की समीक्षा के दौरान उत्पाद विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा की गई कार्रवाई एवं बरामदगी की स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि उत्पाद विभाग द्वारा शराब की बरामदगी में वृद्धि हुई है, जबकि पुलिस विभाग की बरामदगी अपेक्षाकृत कम रही है। जिला पदाधिकारी ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर शराब के अवैध कारोबार एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से देशी शराब के निर्माण स्थलों को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, चौकीदारी परेड के माध्यम से चौकीदारों से स्थानीय स्तर पर प्राप्त सूचनाओं का संकलन, सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विनष्टीकरण की समीक्षा के क्रम में पुलिस एवं उत्पाद विभाग द्वारा जब्त शराब के लंबित मामलों की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने लंबित जब्त शराब के मामलों में नियमानुसार शीघ्र विनष्टीकरण की कार्रवाई पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में शराबबंदी से संबंधित मामलों में जब्त वाहनों की नीलामी की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि दिनांक 10 सितम्बर 2026 को 42 वाहनों की नीलामी के संबंध में विज्ञापन प्रकाशित किया गया है। वर्तमान में 539 वाहन नीलामी हेतु लंबित हैं, जबकि 239 वाहनों का मूल्यांकन लंबित है, जिन्हें मूल्यांकन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाना है। जिला पदाधिकारी ने लंबित वाहनों के मूल्यांकन एवं नीलामी की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने का निर्देश दिया।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर सीमावर्ती थानों की विधि-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सीमावर्ती थानों को विशेष सतर्कता एवं चौकसी बरतने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी एवं प्रभावी गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने असामाजिक एवं अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए सूचना प्राप्त होने पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अन्य संबंधित विषयों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में सिविल सर्जन, नवादा, अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रजौली, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी यातायात, उत्पाद अधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 21, 2026