भिवानी स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए जारी की एडवाइजरी
स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए नागरिेक बरतें जरूरी सावधानी
बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें
भिवानी, 19 अगस्त। फिलहाल बदलते मौसम के चलते स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द, शरीर व जोड़ों में दर्द, कमजोरी एवं भूख कम लगना, जी मिचलाना, उल्टी तथा दस्त शामिल हैं। बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके। संक्रमण से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने नागरिकों से अपील की है कि खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल से ढकें। हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोएं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ पौष्टिक भोजन लें। पर्याप्त नींद लें एवं आराम करें। यदि बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके।
एडवाइजरी के अनुसार स्वाईन फ्लू से बचाव को लेकर लोगों को हाथ मिलाने अथवा अन्य संपर्क वाले अभिवादन से बचने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयां न लेने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। तुरंत चिकित्सक से संपर्क कर उचित जांच एवं उपचार करवाएं। व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखें और संक्रमण से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
बॉक्स
- बीमारी से बचाव के लिए करें जरूरी उपाय
छींकते और खांसते वक्त अपने मुंह और नाक को रुमाल या कपड़े से अवश्य ढकें। नियमित रूप से अपने हाथ साबुन और पानी से धोएं। आंख, नाक या मुंह को बार-बार न छूएं। भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें। फ्लू से संक्रमित लोगों से एक हाथ से अधिक की दूरी पर रहें। बुखार, खांसी और गले में खराश होने पर सार्वजनिक जगहों से दूर रहें। खूब पानी पीएं। पौष्टिक आहार लें। पर्याप्त आराम करें। जुकाम या बुखार होने पर हाथ न मिलाएं। चिकित्सक के परामर्श के बिना कोई भी दवाई न लें।