संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
हथगाम, फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के इसाकपुर मजरे निजामुद्दीनपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मायके पक्ष के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब सात बजे महिला ने अपनी मां शकुंतला देवी से फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद रात करीब 11 बजे ससुराल पक्ष की ओर से मायके वालों को सूचना दी गई कि महिला की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसके मुंह से झाग निकल रहा है।
ससुराल पक्ष द्वारा एंबुलेंस बुलाकर महिला को रात करीब दो बजे मायके लाया गया। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद शव को घर वापस लाया गया। शनिवार सुबह मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर हथगाम थाना प्रभारी अरुण कुमार चतुर्वेदी तथा छिवलहा चौकी प्रभारी उत्कर्ष मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
मायके पक्ष ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।