अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
महिला थाना की एसआई प्रथा दुबे ने बालिकाओं को महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक
---
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 14 अक्टूबर 2026 को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला छतरपुर द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर महाविद्यालय, छतरपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने, लैंगिक भेदभाव समाप्त करने, बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा समाज में समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में संबंधित विभाग या पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
कार्यक्रम में महिला थाना छतरपुर की सब-इंस्पेक्टर प्रथा दुबे ने बालिकाओं को महिला सुरक्षा एवं कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छेड़छाड़, पीछा करने, ऑनलाइन उत्पीड़न और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में भयभीत होकर चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी देना आवश्यक है।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम में बढ़ते साइबर अपराधों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। बालिकाओं को सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से संपर्क करते समय सावधानी बरतने तथा अपना मोबाइल नंबर, पता, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने, फर्जी प्रोफाइल पर भरोसा करने तथा ऑनलाइन दोस्ती के नाम पर निजी फोटो या वीडियो साझा करने से बचने के लिए जागरूक किया गया।
बालिकाओं को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, फोटो एवं वीडियो के दुरुपयोग, मॉर्फ्ड फोटो और डिजिटल माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी के बारे में भी बताया गया।
#chhatarpur