प्रार्थना हॉस्पिटल में हुई मौत का गरमाया मामला, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल...
पिता ने डिप्टी सीएम के सामने बयां किया दर्द, डॉक्टरों पर लगाए गंभीर लापरवाही के आरोप, डिप्टी सीएम ने दिया निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा
रीवा। प्रार्थना हॉस्पिटल में 21 वर्षीय अक्षत शुक्ला की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टरों पर चिकित्सकीय लापरवाही के गंभीर आरोपों के बीच उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान मृतक अक्षत के पिता ने डिप्टी सीएम के सामने अस्पताल में इलाज के दौरान हुई घटनाओं की पूरी दास्तान बयां की और डॉक्टरों की कथित लापरवाही को अपने बेटे की मौत की वजह बताया। पुत्र को खोने का दर्द और न्याय की उम्मीद लेकर बैठे पिता ने डिप्टी सीएम को बताया कि किस तरह प्रार्थना हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उनके बेटे की जिंदगी के साथ कथित तौर पर लापरवाही बरती गई। उन्होंने डॉ. मुकेश तिवारी सहित अस्पताल के अन्य डॉक्टरों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले में कार्रवाई की मांग रखी।
परिवार की पीड़ा सुनने के बाद उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उनकी बात सुनी जाएगी और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अक्षत शुक्ला महज 21 वर्ष का था। जिस उम्र में परिवार को उससे भविष्य की उम्मीदें थीं, उसी उम्र में उसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। अब परिवार की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, इलाज में लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
Huzur Nagar, Rewa | Nov 2, 2026