बच्चों की प्रतिभा पहचानें, उन पर दबाव नहीं बनाएं, सही दिशा और अनुशासन से मिलेगी सफलता : मुनीश शर्मा #kangralive
माता-पिता बच्चों की रुचि के अनुसार चुनें करियर, महंगी कोचिंग ही सफलता की गारंटी नहीं; नशे के बढ़ते खतरे को लेकर भी किया आगाह
देहरा। माँ ज्वाला अकादमी ऑफ एक्सीलेंस के एमडी मुनीश शर्मा ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए सही दिशा, आत्मअनुशासन और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है। केवल अच्छे स्कूल या महंगी कोचिंग में दाखिला दिलाने से बच्चों का भविष्य सुनिश्चित नहीं होता, बल्कि उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही मार्गदर्शन देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
मुनीश शर्मा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे की अपनी क्षमता, रुचि और प्रतिभा होती है। ऐसे में माता-पिता को दूसरे बच्चों से तुलना करने के बजाय अपने बच्चे की खूबियों को पहचानना चाहिए। बच्चों पर अपनी पसंद का करियर थोपने या अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उन्हें उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि माँ ज्वाला अकादमी ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों को घर के नजदीक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए प्रदेश, जिला या तहसील से बाहर जाने की मजबूरी न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अकादमी का दौरा कर यहां उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्था का स्वयं जायजा लेने का आग्रह किया।
मुनीश शर्मा ने स्पष्ट किया कि अकादमी में दाखिला लेने मात्र से कोई विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, आईपीएस या एचएएस अधिकारी नहीं बन सकता। संस्थान बच्चों को सही दिशा, मार्गदर्शन और अनुशासन देने का प्रयास करता है, लेकिन अंतिम सफलता विद्यार्थी की अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों पर निर्भर करती है। इसमें अभिभावकों की भूमिका भी अहम है। उन्हें घर में पढ़ाई के अनुकूल माहौल तैयार करने के साथ बच्चों का मनोबल बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के खतरे को लेकर भी चिंता जताई और अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों, संगति और दिनचर्या पर सकारात्मक नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली की ओर प्रेरित करना समय की जरूरत है।
Kangra, Kangra | Nov 24, 2026