देर शाम रतनपुर डीही तटबंध पहुंचे DM कुमार गौरव, बाढ़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मुजफ्फरपुर में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में देर शाम जिलाधिकारी कुमार गौरव और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने सरैया प्रखंड के रतनपुर डीही तटबंध का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तटबंध की वर्तमान स्थिति, जलस्तर और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं से तटबंध के संवेदनशील स्थलों और जल प्रवाह से जुड़ी जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को तटबंध की लगातार निगरानी करने और किसी भी तरह के कटाव या क्षति की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क रहें और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मानव बल, संसाधन और बचाव सामग्री उपलब्ध रहे।
इस दौरान राहत और बचाव कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने, सामुदायिक रसोई में गुणवत्तापूर्ण भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर आवश्यक सहयोग देने को कहा।
#Muzaffarpur #FloodUpdate #KumarGaurav #TirhutNow #BiharNews