विधायक विपिन जैन की थाना प्रभारी को चेतावनी—'अभी BJP के लोग बचा रहे हैं, ईश्वर नहीं बचाएगा'
मंदसौर। कांग्रेस विधायक विपिन जैन के भाई नितिन जैन पर SC-ST एक्ट में FIR दर्ज होने के विरोध में बुधवार शाम सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दलोदा थाने का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान विधायक ने थाना प्रभारी पर निशाना साधते हुए कहा, “अभी तो थाना प्रभारी को BJP के चमचे बचा रहे हैं, लेकिन ईश्वर नहीं बचाएगा। यह मेरी गारंटी है।” विधायक ने पुलिस पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाया और सरपंच दुर्गा कैथवास के खिलाफ नारेबाजी की।
दरअसल, 28 सितंबर को EOW ने रिश्वत लेने के आरोप में सरपंच दुर्गा कैथवास और उनके पति को पकड़ा था। इसके बाद सरपंच की शिकायत पर नितिन जैन सहित अन्य लोगों के खिलाफ जातिसूचक गालियां देने और धमकी देने के आरोप में FIR दर्ज की गई। कांग्रेस इस कार्रवाई को गलत बताते हुए विरोध कर रही है।