हरदोई में बीच सड़क फिल्मी अंदाज में लूट! ओवरटेक कर रोकी वैगनआर, 5 किलो चांदी लेकर फरार
हरदोई में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। शाहाबाद थाना क्षेत्र में रविवार रात बदमाशों ने एक वैगनआर कार को ओवरटेक कर रोक लिया और शीशा तोड़कर उसमें रखा चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब पांच किलो चांदी होने की बात सामने आई है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर निवासी हृदयराम सोनी रविवार रात करीब आठ बजे अपने ड्राइवर के साथ वैगनआर कार से लखनऊ जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही उनकी कार शाहाबाद थाना क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास पहुंची, तभी एक स्विफ्ट कार में सवार चार युवकों ने उनकी कार का पीछा करते हुए ओवरटेक किया और रास्ते में रोक लिया।आरोप है कि बदमाशों ने कार को रोकने के बाद उसका शीशा तोड़ दिया। इसके बाद कार में रखा एक बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में करीब पांच किलो चांदी रखी होने की जानकारी दी गई है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
*पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण*
लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले के जल्द खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि घटना के अनावरण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने जल्द घटना का खुलासा किए जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और बदमाशों तक पहुंचने के लिए संभावित रास्तों और संदिग्ध वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Hardoi, Hardoi | Sep 28, 2026