पंचायतीराज चुनावों को लेकर कांग्रेस का चुनावी शंखनाद: जयपुर PCC वॉर रूम में हनुमानगढ़ जिला PAC की अहम बैठक
विधायक विनोद गोठवाल सहित दिग्गज नेताओं ने प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से की मुलाकात; संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर हुआ गहरा मंथन
#lalbahadirbhakhar #RajasthanNews #Pilibanga #Hanumangarh #PolicalNews #Congres #VinodGothwal
पीलीबंगा/हनुमानगढ़/जयपुर:- लालबहादुर भाखर:-
राजस्थान में आगामी पंचायतीराज चुनावों की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस संगठन ने अपनी जमीनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजधानी जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) वॉर रूम मुख्यालय में हनुमानगढ़ जिला पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की एक उच्चस्तरीय और महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीलीबंगा विधायक विनोद कुमार गोठवाल ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, सांसदों और साथी विधायकों के साथ शिरकत कर संगठन की मजबूती और चुनावी व्यूहरचना को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
बैठक से पूर्व पीलीबंगा विधायक विनोद कुमार गोठवाल ने अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गोविंद सिंह डोटासरा से शिष्टाचार एवं संगठनात्मक मुलाकात की तथा जिले के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की।
पीसीसी वॉर रूम में आयोजित इस अहम बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर हनुमानगढ़ जिले की वर्तमान राजनीतिक एवं सांगठनिक स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पंचायतीराज संस्थाएं लोकतंत्र की रीढ़ हैं और कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। इस दौरान कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, बूथ स्तर तक संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने तथा जनहितैषी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की इस अहम बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, निर्वाचित जन-प्रतिनिधियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी रही, जिनमें प्रमुख रूप से श्री चिरंजीवी राव – एआईसीसी सचिव एवं राजस्थान सहप्रभारी,श्री एम.डी. चोपदार – पंचायत चुनाव जिला प्रभारी,श्री फूसा राम गोदारा – विधायक एवं जिला प्रभारी,श्री राहुल कस्वां – सांसद,श्री कुलदीप इंदौरा – सांसद,श्री विनोद कुमार गोठवाल – विधायक, पीलीबंगा,श्री अभिमन्यु पूनिया – विधायक,श्री अमित चाचान – विधायक,श्री मनीष मक्कासर – जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी,श्री सुनील लारा – जिला सह-प्रभारी,श्री सुरेश चौधरी – पूर्व विधायक,श्री भूपेंद्र चौधरी – पीसीसी सदस्य,श्री अजीत बेनीवाल – पूर्व विधानसभा प्रत्याशी (भादरा),श्री प्रदुमन सिंह – वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।
बैठक के पश्चात पीलीबंगा विधायक विनोद कुमार गोठवाल ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले में कांग्रेस का संगठन पूरी तरह मजबूत, संगठित और ऊर्जावान है। प्रदेशाध्यक्ष श्री गोविंद सिंह डोटासरा और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और तत्परता से मैदान में उतरेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले की सभी पंचायत समितियों और जिला परिषद में कांग्रेस पार्टी ऐतिहासिक बहुमत हासिल कर विजयी परचम लहराएगी।