गांव चांग में टूटी रूढि़वादी परंपरा, बेटी स्वाति की शादी में घोड़ी पर निकाला बनवारा
बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों पर नाचा पूरा गांव, हर जुबान पर प्रगतिशील सोच की सराहना
खुशियों व संस्कारों पर बेटियों का भी उतना ही हक जितना बेटों का : शेर सिंह बिब्बा
भिवानी, 10 नवंबर : गांव चांग निवासी शेर सिंह बिब्बा और उनकी धर्मपत्नी निर्मला ने अपनी पुत्री स्वाति की शादी में घोड़ी पर बनवारा निकालकर एक अनूठी और प्रेरणादायक सामाजिक पहल की है। समाज में अक्सर यह मान लिया जाता है कि घोड़ी पर चढऩे या बनवारा निकालने का अधिकार केवल बेटों का होता है, लेकिन शेर सिंह बिब्बा ने इस रूढि़वादी परंपरा को तोडक़र यह संदेश दिया है कि खुशियों और संस्कारों पर बेटियों का भी उतना ही हक है जितना बेटों का। पीडब्ल्यूडी एंड बीएंडआर विभाग से रिटायर्ड डिप्टी सुप्रीडेंट शेर सिंह बिब्बा और आंगनबाड़ी हेल्पर निर्मला ने अपनी बेटियों को लेकर समाज के सामने एक शानदार उदाहरण पेश किया है। उनकी तीन बेटियां हैं और तीनों ने ही एमएससी तक उच्च शिक्षा प्राप्त की है। वही उनका सबसे छोटा बेटा साहिल एक पर्यावरण इंजीनियर के रूप में कार्यरत है। उन्होंने अपनी बेटियों को बेटों के बराबर ही नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा दिलाकर यह साबित कर दिया है कि यदि माता-पिता ठान लें तो बेटा-बेटी का भेद स्वत: समाप्त हो जाता है। बता दे कि स्वाति का विवाह 12 नवंबर को रोहतक निवासी राहुल पटवारी के साथ तय हुआ है। विवाह से ठीक पहले गांव चांग में जब स्वाति का बैंड-बाजे के साथ घोड़ी पर बनवारा निकाला गया, तो पूरा गांव इस अनोखी खुशी में शामिल हुआ। परिजन और ग्रामीण ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते नजर आए। इस दौरान हर किसी की जुबान पर शेर सिंह बिब्बा परिवार की इस प्रगतिशील सोच की सराहना थी। इस मौके पर स्वाति के पिता शेर सिंह बिब्बा ने कहा कि आज के दौर में जहां एक ओर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे गूंज रहे हैं, वहीं धरातल पर ऐसे कदम समाज की मानसिकता को बदलने का काम करते हैं। शेर सिंह बिब्बा ने केवल अपनी जुबान से नहीं, बल्कि अपने जीवन और कर्मों से यह साबित किया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उनकी इस पहल ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया है और यह संदेश दिया है कि हर माता-पिता को अपनी बेटियों के सपनों और सम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए। इस अवसर पर रामफल, सीमा, संजय, मधु सहित समस्त परिजन व अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।