श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा व उल्लास के साथ मना गोवर्धन व अन्नकूट पर्व, लगा 56 भोग
सामूहिकता, समरसता और समर्पण की भावना को मजबूत करता है अन्नकूट पर्व : डा. सदानंद महाराज
भिवानी, 10 नवंबर : स्थानीय दादरी गेट स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट का पर्व मंगलवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान श्री कृष्ण को छप्पन भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में महाप्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पूजा-अर्चना की और अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।
समारोह में पूज्य संत स्वामी डा. सदानंद महाराज का सानिध्य रहा। श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए स्वामी डा. सदानंद महाराज ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक पारंपरिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण का महान संदेश देने वाला पावन पर्व है। द्वापर युग में भगवान श्री कृष्ण ने देवराज इंद्र के अहंकार को समाप्त करने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठिका अंगुली पर धारण किया था। भगवान ने हमें यह सिखाया कि हमें उन प्राकृतिक संसाधनों, पर्वतों, वनों और गोवंश के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए जो हमारा जीवन संवारते हैं। उन्होंने अन्नकूट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अन्नकूट का सीधा अर्थ है अन्न का पर्वत। यह पर्व समाज में सामूहिकता, समरसता और समर्पण की भावना को मजबूत करता है। समाज के सभी वर्गों द्वारा अपनी सामर्थ्य के अनुसार नई फसलों और अन्न को ईश्वर के चरणों में समर्पित करना हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति का प्रतीक है। जब सभी प्रकार के अन्न और सब्जियों को मिलाकर भगवान को भोग लगाया जाता है, तो वह यह संदेश देता है कि विविधता के बीच भी एकता और सद्भाव ही ईश्वर को सर्वाधिक प्रिय है।
प्रवक्ता डा. मुरलीधर शास्त्री ने कार्यक्रम के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अन्नकूट पर्व के उपलक्ष्य में मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। भगवान को अत्यंत भाव और श्रद्धा के साथ 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। भोग अर्पण के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें पधारे सभी भक्तों को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। डा. मुरलीधर शास्त्री ने बताया कि सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन व पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरे मंदिर परिसर को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित भक्तों ने गोवर्धन महाराज की आरती की और स्वामी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुकुंद शरण महाराज, दीलिप मिश्रा, रमेश, अमित रावल बासिया, हनुमान तायल, सीताराम, रमेश अग्रवाल, पुष्पक, कमल गोयल, विनोद छाबड़ा, नरेश आहुजा, अमित गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।