बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र में माझी पुल के पास ट्रैक्टर से लौट रहे युवक पर बाइक सवार दो लोगों ने कथित रूप से फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे लीला छपरा निवासी सुशील कुमार गुप्ता ने चांद दियर चौकी पर सूचना दी कि उनके भाई बबलू कुमार गुप्ता अपने ड्राइवर रितेश यादव के साथ ट्रैक्टर से एकमा से आलू बेचकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान माझी पुल के पास बाइक सवार दो लोगों ने ट्रैक्टर को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में बबलू कुमार गुप्ता के बाएं जांघ में गोली लगी। घायल को तत्काल CHC बैरिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया।
ड्राइवर रितेश यादव ने आरोपियों की पहचान अरुण यादव पुत्र राजनाथ यादव और संदीप यादव पुत्र रमाशंकर यादव, निवासी चांद दियर, थाना बैरिया के रूप में की है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता ने वीडियो बाइट के जरिए घटना की जानकारी दी है।
#Ballia #BalliaPolice #Crime #bairia