*आरयूआईडीपी के 28.05 करोड़ के विकास कार्यों पर हुआ संवाद, शहरवासियों से लिए सुझाव*
*अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा: सीवरेज समस्याओं के समाधान हेतु टीम गठित करें, आमजन को न हो असुविधा*
*सवाई माधोपुर, 5 अगस्त।* राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण में सवाई माधोपुर शहर में प्रस्तावित 28.05 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को लेकर बुधवार को जिला परिषद सभागार में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ आयोजित किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभागीय अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स को प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देते हुए उनके सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने कहा कि सीवरेज कार्यों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आरयूआईडीपी, नगर परिषद एवं संबंधित विभाग बेहतर समन्वय से कार्य करें तथा संवाद में प्राप्त उपयोगी सुझावों को परियोजना क्रियान्वयन में शामिल करें। उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों (एसटीपी) की नियमित निगरानी, प्रभावी संचालन एवं विकसित परिसंपत्तियों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि परियोजना का पूरा लाभ आमजन तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि परियोजना के कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में इस प्रकार किए जाएं कि निर्माण के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो।
उन्होंने संवाद के दौरान शहरवासियों से सीवरेज संबंधी समस्याओं की अधिकता को देखते हुए सीवरेज समस्याओं के समाधान हेतु टीम गठित कर कन्ट्रोल रूम के माध्यम से शिकायतों को रजिस्टर में संधारण करवाने एवं प्राथमिकता से सभी शिकायतों का समाधान करने के निर्देश नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया को दिए।
अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित जल के पुनः उपयोग पर रहेगा फोकस:- संवाद में बताया गया कि आरयूआईडीपी के पांचवें चरण में सवाई माधोपुर शहर में एशियन डेवलपमेंट बैंक के वित्तपोषण से अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से संबंधित लगभग 28.05 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। वर्तमान में स्थापित सीवरेज लाइनों को दुरस्त किया जाएगा। सीवरेज लाइन से वंचित कॉलोनियों में लगभग 31 किलोमीटर नई लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही, आवश्यकतानुसार सूरवाल एसटीपी ट्रीटमेंट प्लान्ट की 9 एमएलडी क्षमता बढ़ाने का कार्य भी किया जाएगा। इनसे शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ पर्यावरणीय निरंतरता एवं बेहतर सेवा गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी।
आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता अरविन्द तोमर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कैप आरयूआईडीपी जयपुर के परियोजना समन्वयक सर्वेश गुप्ता द्वारा आरयूआईडीपी का अब तक का सफर एवं फेज 5 में किये जाने वाले कार्याे को एक वृत्तचित्र के माध्यम से दर्शाया गया तथा खुले सत्र में प्रतिभागियों की सीवरेज एवं प्रस्तावित कार्यों से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान कर सुझाव प्राप्त किए गए।
बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के अनुरूप आरयूआईडीपी के पांचवें चरण में प्रदेश के 84 शहरों में लगभग 9,500 करोड़ रुपये के शहरी आधारभूत विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें एशियन डेवलपमेंट बैंक वित्तपोषित ‘राजस्थान अरबन लिवेबिलिटी इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट’ (रूलिप) के 6,009 करोड़ रुपये तथा विश्व बैंक वित्तपोषित ‘सस्टेनेबल अरबन ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ राजस्थान एक्सेलेरेटेड’ (सूत्रा) के 3,492 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं।
इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, अधिशाषी अभियंता शिवकेश मीणा, सहायक अभियंता अमरसिंह मीना, कनिष्ठ अभियंता मनोज मीणा सहित जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, प्रबुद्धजन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, महिलाएं एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे।