विश्व योग दिवस पर जीपीएस दरकोटी में योग शिविर का आयोजन
राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी, शिक्षा खंड कियाणी में विश्व योग दिवस के अवसर पर योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से हुई। इसके बाद योग प्रशिक्षक श्री महिंदर सिंह ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाए। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, धनुरासन, पवनमुक्तासन सहित कई योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया। साथ ही भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम की जानकारी दी।
योग प्रशिक्षक श्री महिंदर सिंह ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग से शरीर स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक शांति भी मिलती है। उन्होंने सभी को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया। श्री महिंदर सिंह पिछले कई महीनों से राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह निःशुल्क योग प्रशिक्षण दे रहे हैं। इससे पहले वे चंबा चौगान और सर्किट हाउस में भी योग प्रशिक्षण दे चुके हैं।
विद्यालय प्रभारी सुनील जरियाल ने श्री महिंदर सिंह का विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और इसे हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से योग प्रशिक्षक श्री महिंदर सिंह को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
जारीकर्ता:
सुनील कुमार
जेबीटी / प्रभारी
राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी
शिक्षा खंड कियाणी, जिला चंबा
Chamba, Chamba | Jun 20, 2026