*स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिला पुलिस अलर्ट, होटलों व धर्मशालाओं में चला विशेष चेकिंग अभियान*
*पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के दिए निर्देश*
12 अगस्त 2026
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पुलिसकर्मियों को विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी के लिए तैनात करने के आदेश जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिला पुलिस द्वारा जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
इसी क्रम में सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों और थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित होटलों एवं धर्मशालाओं में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने होटल और धर्मशाला संचालकों से वहां ठहरने वाले लोगों की जानकारी तथा पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
जिला पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, मुख्य मार्गों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी गश्त बढ़ाई गई है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से भी अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है। जिला पुलिस ने नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।