#अंतर्राष्ट्रीय_वृद्धजन_दिवस के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा धार स्थित श्रद्धालय वृद्धाश्रम में सेवा, सम्मान एवं आत्मीयता से परिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ युवाओं को सामाजिक सरोकारों एवं सेवा भाव से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम ‘मेरा युवा भारत, धार’ की जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान युवाओं और वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों के बीच आत्मीय संवाद हुआ। स्वयंसेवकों ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा उनके जीवन के अनुभवों को सुना।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों के प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त करते हुए उन्हें टॉवल एवं ताजे फल भेंट किए। इसके बाद युवाओं ने स्वयं अपने हाथों से बुजुर्गों को भोजन परोसा। इस दौरान वृद्धजनों के चेहरे पर प्रसन्नता और अपनत्व का भाव दिखाई दिया। युवाओं ने बुजुर्गों का स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग से अनिरुद्ध चावड़ा की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक ईशा, दिव्या, अमरदीप चावड़ा, सुमित बाबर, राजू डोडवे, विशाल कुमावत एवं अर्पित सहित अन्य युवा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने यह संदेश दिया कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव, स्नेह एवं मार्गदर्शन का सम्मान करना प्रत्येक पीढ़ी की सामाजिक जिम्मेदारी है।
Jansampark Madhya Pradesh