एसडीएम मऊ की पहल रंग लाई, ग्रामीणों ने स्वयं तोड़े चबूतरे, सड़क चौड़ीकरण का रास्ता हुआ साफ
मऊ, चित्रकूट। मऊ तहसील अंतर्गत नगर पंचायत मऊ के वार्ड संख्या 08, संकट मोचन नगर में वर्षों से खराब पड़े मार्ग के निर्माण कार्य में आ रही बाधा को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राम ऋषि रमन की पहल से दूर कर लिया गया। सड़क निर्माण के लिए टेंडर होने के बाद ठेकेदार द्वारा कार्य शुरू कराया गया, लेकिन कुछ लोगों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए अपनी जमीन और चबूतरे हटाने से इनकार कर दिया, जिससे निर्माण कार्य ठप हो गया और विवाद की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी वार्ड सभासद शुभम निषाद ने एसडीएम राम ऋषि रमन को फोन पर दी। सूचना मिलते ही एसडीएम तेज बारिश के बीच कर्मचारियों के साथ छाता लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की और आपसी सहमति से समाधान निकालने काप्रयास किया।
एसडीएम की समझाइश का सकारात्मक असर हुआ। ग्रामीणों ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए स्वयं अपने-अपने चबूतरे हटाने और सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। इसके बाद मार्ग निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।
मौके पर ही एसडीएम राम ऋषि रमन ने ठेकेदार से फोन पर बात कर दोनों ओर नाली निर्माण के साथ गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने एसडीएम की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।
#चित्रकूट