24 घंटे में सुलझी चेन लूट, दोनों आरोपी गिरफ्तार
76 वर्षीय बुजुर्ग से दिनदहाड़े लूटी गई डेढ़ लाख की सोने की
चेन बरामद, CCTV नेटवर्क बना पुलिस की बड़ी ताकत
देवास। शहर में 76 वर्षीय बुजुर्ग से दिनदहाड़े हुई चेन लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन भी 100 प्रतिशत बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 24 जून को आदर्श नगर सेक्टर-बी निवासी बंशीधर बरोनिया (76) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम करीब 4:30 बजे एक युवक उनके घर में घुसा और बाथरूम से बाहर आते ही गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। मामले में अपराध दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्रम' के तहत शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
• जयराज कुमरे (30), गजरा गियर्स झुग्गी-झोपड़ी, देवास
• धनराज कुमरे (50), गजरा गियर्स झुग्गी-झोपड़ी, देवास
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है।
पुलिस का दावा
देवास पुलिस के अनुसार "ऑपरेशन त्रिनेत्रम" के तहत जनसहयोग से जिले में अब तक 10 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित लागत करीब 5 करोड़ रुपये है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से अपराधों के खुलासे और नियंत्रण में लगातार सफलता मिल रही है।
Dewas Nagar, Dewas | Jun 27, 2026