🔳स्कूल मॉनिटरिंग में सामने आईं शैक्षणिक चुनौतियां, सुधार के लिए तय किए लक्ष्य
🔳डाइट कटनी की टीम ने चार विद्यालयों का किया भ्रमण, शिक्षकों से 12 बिंदुओं पर संवाद
🔳कटनी – जिले में स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और परिणाममूलक मॉनिटरिंग के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कटनी द्वारा विद्यालयों का सतत निरीक्षण एवं शैक्षणिक संवाद किया जा रहा है। इसी क्रम में डाइट की टीम द्वारा चार विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, शिक्षकों की उपस्थिति, शैक्षिक संसाधनों के उपयोग और विद्यालय प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान नवीन टिकरिया विद्यालय में कुल 26 विद्यार्थियों में से 6 विद्यार्थी उपस्थित मिले। उपस्थित विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर संतोषजनक पाया गया। एक शिक्षक अनुपस्थित थे, लेकिन ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली से उनके अवकाश पर होने की जानकारी मिली। निरीक्षण में यह बात सामने आई कि अवकाश की सूचना विद्यालय में प्रदर्शित होना आवश्यक है, ताकि अभिभावकों एवं अन्य संबंधित लोगों को इसकी जानकारी मिल सके।
माध्यमिक शाला ठरका में विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर अपेक्षाकृत संतोषजनक नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान इसके कारणों में शैक्षिक संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं होना तथा स्कूल हेड द्वारा शिक्षकों के कार्यों की पर्याप्त मॉनिटरिंग नहीं किया जाना प्रमुख रूप से सामने आया। इसके बाद सभी शिक्षकों की बैठक लेकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए और लक्ष्यों की पूर्ति की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई। जन शिक्षक द्वारा आगामी सोमवार एवं मंगलवार को पूरे समय विद्यालय में उपस्थित रहकर शिक्षकों के साथ लक्ष्यों की पूर्ति के लिए कार्य किया जाएगा। विद्यार्थियों को ई-मटेरियल के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई तथा शिक्षकों से 12 बिंदुओं पर शैक्षणिक संवाद किया गया।
प्राथमिक शाला तखला में कुल 30 विद्यार्थियों में से 21 विद्यार्थी उपस्थित मिले। यहां विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर संतोषजनक पाया गया। सरपंच श्री अनिल सिंह एवं शिक्षक श्री दिनेश पाली के संयुक्त प्रयासों से विद्यालय परिसर को हरियाली एवं बेहतर वातावरण के रूप में विकसित किया गया है। विद्यालय परिसर को ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, आंगनबाड़ी एवं पंचायत भवन के समग्र विकास के लिए अनुकरणीय मॉडल के रूप में देखा गया। यहां मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक पाई गई।
इसके बाद टीम द्वारा क्षेत्र के विद्यार्थियों की संख्या की दृष्टि से बड़े विद्यालय माध्यमिक शाला पहाड़ी का भ्रमण किया गया। विद्यालय में कुल 560 विद्यार्थी दर्ज हैं, लेकिन निरीक्षण के दौरान लगभग 60 विद्यार्थी ही उपस्थित मिले। शिक्षकों ने त्यौहार एवं बाजार को कम उपस्थिति के प्रमुख कारण बताया। इस पर विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया गया। उन्हें समझाया गया कि बाजार जाने का समय स्कूल के बाद रखा जाए और त्यौहारों का उल्लास त्यौहार के दिन मनाते हुए बच्चों की नियमित पढ़ाई जारी रखी जाए।
विद्यालय में उपस्थित विद्यार्थियों एवं 15 शिक्षक-शिक्षिकाओं से करीब एक घंटे तक शैक्षणिक चर्चा की गई और आगामी एक माह के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए। शिक्षकों की अलग से बैठक लेकर विद्यालय को और बेहतर बनाने के लिए 12 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
DIET कटनी ने कहा कि जिले में अकादमिक चुनौतियों और विभिन्न स्तरों पर आने वाली बाधाओं के बावजूद शिक्षकों को विद्यार्थियों की शिक्षा के प्रति संवेदनशील बनाते हुए विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक के सहयोग से मॉनिटरिंग और शैक्षणिक संवाद को परिणाममूलक बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों का उद्देश्य विद्यालयों को केवल निरीक्षण तक सीमित न रखते हुए शिक्षकों के साथ मिलकर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति कर ‘संकल्प से सिद्धि’ की ओर आगे बढ़ना है।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Aug 28, 2026