श्रावण मास के द्वितीय सोमवार पर भी बाबा भूतनाथ मंदिर, नोखा में उमड़ा आस्था का जन सैलाब
नोखा। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के पावन अवसर पर नोखा स्थित प्राचीन बाबा भूतनाथ मंदिर में तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर पंडित राधेश्याम शर्मा के सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। अभिषेक के दौरान घृत, दूध, दही, शहद, इत्र , पंचामृत व विशेष गन्ने के रस से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। इसके पश्चात विधिवत महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर भाग लिया। श्रद्धालुओं ने देश में सुख, शांति, समृद्धि, अच्छी वर्षा, खुशहाली तथा सभी के उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
श्रावण मास के द्वितीय सोमवार में मंदिर सुबह से लेकर दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में भक्तों के लिए दर्शन एवं पूजा की समुचित व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं ने सुगमता से दर्शन किए।
इस धार्मिक आयोजन में कानाराम शर्मा, मालचंद सारस्वत, मनोज ओझा (पार्षद), राजू , रामप्रताप, दिव्या सारस्वत, शिव नाई, महेश पारीक, मघाराम पंचारिया, धन्नाराम भार्गव, प्रहलाद सिंह ,प्रेम नाई, हिमांशु सेन, लता परीक्षा पूर्णिमा पांडे, माया सारस्वत सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शिवभक्त उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Aug 10, 2026