पीलीबंगा में सरेराह गुंडागर्दी: वाल्मीकि चौक स्थित शराब ठेके के बाहर युवक को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल
* चार से पांच युवकों ने अकेले युवक पर बरसाए लात-घूंसे, जान की भीख मांगता रहा पीड़ित
* शराब ठेके के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े से स्थानीय लोगों में गहरा रोष, सख्त कार्रवाई की मांग
#पीलीबंगा #RajasthanNews #Lalbahadurbhakhar #RajasthanPolice
पीलीबंगा। शहर के व्यस्ततम वाल्मीकि चौक स्थित शराब ठेके के बाहर सरेराह दबंगई और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चार से पांच युवकों ने मिलकर एक अकेले युवक को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कस्बे में कानून-व्यवस्था को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाल्मीकि चौक पर स्थित शराब ठेके के पास युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। चंद पलों में विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने युवक को घेर लिया और उस पर लात-घूंसों से हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पीड़ित युवक जान बख्शने की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावरों ने उस पर कोई रहम नहीं दिखाया और दिनदहाड़े बेखौफ होकर मारपीट करते रहे।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब ठेके के आसपास असामाजिक तत्वों का नियमित जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना दूभर हो गया है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की तुरंत पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बहाल हो सके।