आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के संकेतकों की समीक्षा, विभागों को समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश
नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में जनपद पंचायत पहाड़गढ़ में कार्यक्रम के प्रमुख संकेतकों की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पहाड़गढ़ श्री महावीर एन. बौद्ध की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थय एवं पोषण, कृषि, पेयजल, आजीविका तथा पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख संकेतकों की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान गत वर्ष किए गए कार्यों, उपलब्धियों एवं प्रगति का विस्तृत विश्लेषण किया गया। साथ ही प्रत्येक संकेतक की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महावीर एन. बौद्ध ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा प्रमुख विकास संकेतकों में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्ति करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागों को अपने-अपने संकेतकों की नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा आवश्यक फील्ड फॉलो-अप करते हुए आगामी कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में बीईओ श्री रामवतार सिकरवार, बीआरसी श्री वीरेन्द्र धाकड़, सीडीपीओ श्रीमती रश्मि धाकड़, स्वास्थय विभाग के बीपीएम श्री शिवेंद्र अवस्थी, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्री रामपाल सिंह गौड़, एनआरएलएम के बीसी श्री रोशन बमनेला, पीएचई विभाग के श्री राहुल शर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी श्री मनीष बांदिल तथा आकांक्षी ब्लॉक फेलो श्री रविन्द्र कुशवाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी विभागों ने आगामी कार्ययोजना के अनुरूप समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करते हुए आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों की प्रभावी प्राप्ति सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh