बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर मंजूरी मिल गई है। जिसको लेकर गुरुवार को जट्टा बाबा ठाकुरबाड़ी नारेपुर परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बछवाड़ा नगर इकाई के सदस्यों ने अबीर-गुलाल लगाकर और एक-दूसरे का मुंह मीठा कर खुशी मनाया। सरकार ने विश्वविद्यालय के लिए पहले चरण में 15 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है।
जिला विकासार्थ विद्यार्थी संयोजक शशि कुमार ने बताया कि ABVP लंबे समय से छात्रों के हितों के लिए दिनकर विश्वविद्यालय की मांग कर रही थी। उनका यह संघर्ष अब रंग लाया है और बेगूसराय के छात्रों का लंबे समय से देखा जा रहा सपना अब पूरा होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल विश्वविद्यालय की मंजूरी नहीं, बल्कि बेगूसराय के लाखों छात्रों की जीत है।
नगर सह मंत्री प्रशांत कुमार, सरोज कुमार और आर्यन राज ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना की मंजूरी को लेकर ABVP बछवाड़ा नगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने बछवाड़ा में खुशी से जश्न मनाया और एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर बधाई दी एवं मिठाइयां बांटीं।
नगर इकाई बछवाड़ा के नगर कार्यालय मंत्री मनीष कुमार और खेलो भारत संयोजक लव कुश ने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' के नाम पर बनने वाला यह विश्वविद्यालय बेगूसराय की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण साबित होगा। अब जिले के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इस पहल के लिए केंद्र और बिहार सरकार एवं सभी सहयोगियों का आभार जताया।
मौके पर प्रदुमन, अमन, रोहित, राहुल, अभिनाश, सूरज, प्रिंस सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।