👉#किसानों की समस्याओं पर डीएम का फोकस, सात दिन में होगा निस्तारण
--#किसान दिवस में धान खरीद, नहर सफाई और बिजली की शिकायतें उठीं, 11 किसानों ने रखीं समस्याएं
शाहजहाँपुर।विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी श्री धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, उप कृषि निदेशक पुरुषोत्तम कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कृषक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में किसानों को कृषि, उद्यान, मत्स्य पालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा किसानों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।बैठक में जिला उद्यान अधिकारी पुनीत कुमार पाठक ने बताया कि अमरूद एवं आम की बागवानी पर प्रथम किस्त के रूप में ₹20,000 तथा द्वितीय किस्त के रूप में ₹30,000 का अनुदान दिया जा रहा है। केले की खेती पर ₹40,000 प्रति हेक्टेयर तथा ड्रैगन फ्रूट की खेती पर ₹2,70,000 प्रति हेक्टेयर अनुदान की व्यवस्था है। किसानों को स्प्रिंकलर लगवाने पर 90 प्रतिशत तक अनुदान दिए जाने की जानकारी भी दी गई।उप कृषि निदेशक ने बताया कि गेहूं एवं सरसों की निर्धारित अवधि की किस्मों के बीज पर 50 प्रतिशत तथा चना, मटर एवं मसूर की निर्धारित किस्मों पर 75 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। किसान कृषि विभाग की वेबसाइट के माध्यम से अथवा निकटतम कृषि कार्यालय एवं बीज भंडार पर जाकर बीज की बुकिंग करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने पराली जलाने की घटनाओं में आई कमी पर किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किसानों का सहयोग सराहनीय है। बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है तथा 28 अक्टूबर तक पराली जलाने की पांच घटनाएं दर्ज की गई हैं।जिलाधिकारी ने मौसम विभाग द्वारा 30 अक्टूबर को संभावित बारिश के पूर्वानुमान के दृष्टिगत किसानों से अपील की कि वे अपनी फसलों को काटकर सुरक्षित कर लें, ताकि संभावित वर्षा से फसल को नुकसान न हो।बैठक में मत्स्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना एवं मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी गई। वहीं, सहकारिता विभाग द्वारा उर्वरक सेतु ऐप के संबंध में बताया गया कि इसके माध्यम से किसान खाद की अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं तथा सहकारी समितियों में यूरिया, डीएपी एवं एनपीके की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। किसानों को यह भी सलाह दी गई कि ऐप का उपयोग करते समय अपना आधार ओटीपी एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।बैठक के दौरान किसानों ने धान खरीद, नहरों की सफाई एवं विद्युत संबंधी समस्याओं को उठाया। कुल 11 किसानों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का सात दिवस के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए बैठक में संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, कृषक प्रतिनिधि एवं प्रगतिशील किसानों सहित कुल 33 किसानों ने प्रतिभाग किया। अंत में जिला कृषि अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस बैठक के समापन की घोषणा की।